• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित, 30 यूनिट रक्त एकत्रित।

Published on: 17 Oct 2026

*


*कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने रक्तदाताओं की भावना को सराहा।*


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में युवा रेड क्रॉस एवं छात्र कल्याण विभाग द्वारा 'रेवाड़ी ब्लड सेंटर' के सहयोग से विश्वविद्यालय के राव तुलाराम ब्लॉक में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 30 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा समाज में मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने रक्तदान शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा और मानवीय संवेदनशीलता की दिशा में एक अत्यंत सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी और मानवता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने आगे जोड़ते हुए कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र का आधार होती है और जब विद्यार्थी ऐसे सामाजिक व मानवीय सरोकारों से जुड़ते हैं तो एक स्वस्थ व संवेदनशील समाज का निर्माण होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी ऐसे जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा ताकि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का विकास हो सके। उन्होंने युवा रेड क्रॉस एवं डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर विभाग के प्रयासों की प्रशंसा की और विद्यार्थियों को सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं, विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने शिविर में उपस्थित प्रतिभागियों एवं आयोजन टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानव जीवन बचाने वाला सबसे महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान समाज के प्रति सेवा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है तथा ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. करण सिंह, निदेशक युवा कल्याण प्रो. अदिति शर्मा तथा सहायक निदेशक युवा कल्याण डॉ. सुशांत यादव की सक्रिय सहभागिता रही। युवा रेड क्रॉस की कार्यक्रम समन्वयक प्रो. समृद्धि के मार्गदर्शन में शिविर का कुशल संचालन किया गया, जिसमें YRC काउंसलर डॉ. प्रियंका रंगा, डॉ. पवन कुमार एवं डॉ. नवनीत कौशल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा, रेवाड़ी ब्लड सेंटर की ओर से श्री सुनील शर्मा के नेतृत्व में मनीषा, कपिल यादव, सोनू यादव, जतिन यादव, प्रिंस एवं आकाश की मेडिकल टीम ने रक्त संग्रहण एवं तकनीकी व्यवस्था में विशेष सहयोग दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन, युवा रेड क्रॉस, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर विभाग तथा रेवाड़ी ब्लड सेंटर के संयुक्त एवं सराहनीय प्रयासों से यह रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।